विभागों में तालमेल की कमी, 15 लाख से चार महीने पहले बनी सड़क को सीवरेज लाइन डालने के लिए तोड़ा, दो माह से सुस्त चल रहे काम से राहगीर परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
विभागों में तालमेल की कमी से जनता के पैसों की बर्बादी किस तरह हो रही है, इसका उदाहरण ज्ञान रोड मार्ग का निर्माण है। करीब चार महीने पहले निगम ने लाखों खर्च कर इस रोड को बनाया, उसके लगभग दो महीने बाद ही पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने सीवरेज लाइन डालने के लिए रोड़ तोड़ दी। स्थिति यह है कि चकाचक सड़क के इंतजार में बैठे स्थानीय लोग दो महीने से परेशान हो रहे हैं। साफ है कि जो कार्य रोड निर्माण से पहले हो जाना चाहिए था वह बाद में किया जा रहा है। इससे दोनों विभागों में तालमेल का अभाव साफ झलक रहा है। लाखों की लागत से नई बनी रोड को खोद दिया गया और इस पर कोई भी अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
नगर निगम ने लाखों रुपये खर्च कर करीब 400 मीटर लंबी ज्ञान मार्ग (सिविल अस्पताल से सुभाष पार्क रोड) को पहले चकाचक किया। यहां पर टाइल्स युक्त सड़क बनाई गई। सड़क को चौड़ा किया गया और साथ लगते नाले के ऊपर पानी की स्लैब भी बिछाई गई। इस पूरे काम में दो से ढाई माह का समय लगा, रोड बनकर तैयार हुई तो लोगों ने चैन की सांस ली की। लोगों को उम्मीद बंधी कि अब यहां पर वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी। मगर नई बनी सड़क को पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोद दिया। यहां सीवरेज पाइप लाइन डाली जा रही है। दो माह से यह कार्य चल रहा है। यानि चार महीने से यह रोड वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पब्लिक हेल्थ विभाग की इस लेटलतीफी पर अब नगर निगम ने नोटिस जारी कर दिया है। लोगों का आरोप है कि अब रोड पर पब्लिक हेल्थ की ओर से जो कारपेटिंग हो रही है वह घटिया स्तर की है। लोगों ने इस पर आपत्ति जताई है साथ निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है कि ताकि चार माह से हो रही परेशानी से निजात मिले।
घटिया स्तर की हो रही कारपेटिंग
ज्ञान मार्ग रोड का हिस्सा जगाधरी रोड से लेकर आउटर रोड तक दो माह पहले पूरा बनाया गया था। मगर फरवरी माह में पब्लिक हेल्थ ने इस नई रोड को सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के लिए पूरी तरह खोद दिया। जगह-जगह गड्ढे होने से वाहनों की आवाजाही इस रोड पर अब पूरी तरह से ठप हो गई है। अब कुछ स्थानों पर कार्य पूरा कर वहां कारपेटिंग की जा रही है जोकि गुणवत्तापूर्ण नहीं है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि जब रोड बनी थी तो पूरी तरह से इंटरलॉकिंग टाइलों की थी, मगर अब सीमेंट डालकर केवल कारपेटिंग की जा रही है। उधर, जन स्वास्थ्य विभाग की इस लेट लतीफी पर नगर निगम ने जन स्वास्थ्य विभाग को नोटिस भी जारी किया है। नोटिस भेजकर कार्य को पूरा करने को कहा गया है। मगर अभी तक विभाग का कार्य धीमे रफ्तार से चल रहा है।
यह बोले लोग
ज्ञान मार्ग निवासी एवं दुकानदार राजकुमार ने कहा कि चार माह से रोड उखड़ी पड़ी है। दुकानदारी पूरी तरह से ठप है। यहां पर काम करने को नहीं है। पहले नई सड़क बनी तो थड़े और सीढ़ियां आदि तोड़ दी गई थी। अब सीवरेज के लिए दो माह से खुदाई हुई पड़ी है। रोड पर जो कारपेटिंग भी अब हो रही है वह सही स्तर की नहीं है।
दुकानदार अमित जैन ने कहा कि चार माह से इस रोड पर रहने वाले लोग परेशान है। बार-बार गड्ढे किए जा रहे हैं। मौके पर आने वाले अधिकारियों व कर्मियों को शिकायत कर चुके हैं और जल्द कार्य पूरा होने का केवल आश्वासन ही मिल रहा है। रोड पहले नई बनी थी अब पूरी तरह से तहस-नहस हो चुकी है।
नगर निगम ने जन स्वास्थ्य विभाग को नोटिस भेज कर जल्द कार्य पूरा करने को कहा है। जन स्वास्थ्य विभाग सीवरेज लाइन डालने के बाद यहां कारपेटिंग करवाएगा। यह कारपेटिंग उच्च स्तर की होनी चाहिए, इसकी पूरी जांच निगम द्वारा की जाएगी। -रामदास धीमान, एमई, नगर निगम, अंबाला।
सीवरेज लाइन डालने के दौरान मशीन टूटने, बीएसएनएल की केबल कटने की वजह से काम में कुछ देरी हुई है। कुछ अवधि के लिए काम ठप हो गया था। मगर अब कार्य पूरी रफ्तार से चल रहा है। सीवरेज लाइन जल्द डाली जाएगी और गुणवत्तापूर्ण कारपेटिंग यहां पर की जाएगी। -विनय कुमार, जेई सिविल, पब्लिक हेल्थ, अंबाला।
विभागों को तालमेल से काम करना चाहिए। नई सड़क खोदने से पहले ही सीवरेज लाइन डाली जानी चाहिए। सदर बाजार इलाके में भी यहीं स्थिति है। इस मामले में अधिकारियों से चर्चा कर कार्य को जल्द पूरा करने को कहा जाएगा। -सुधीर जायसवाल, डिप्टी मेयर, नगर निगम, अंबाला।