अंबाला कैंट। कैंट का प्रवेशद्वार कही जाने वाली रेलवे रोड पर व सदर चौक पर फव्वारे लगाकर क्षेत्र को खूबसूरत बनाया जाएगा। फुटबाल चौक पर अंबाला के फुटबाल के स्वर्णिम इतिहास के अलावा 1857 की क्रांति पर आधारित चित्रों को सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्य आकर्षक रंगीन फव्वारे होंगे जोकि अपनी जगमग रोशनी से सभी को अपनी ओर आकर्षित करेंगे।
स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज के निर्देश पर नगर निगम द्वारा चार मुख्य चौक पर रंगीन फव्वारे स्थापित किए जा रहे हैं जिनमें से वार हीरोज स्टेडियम के सामने के चौक पर बनाए जा रहे फव्वारे का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इस फव्वारे का न केवल रंगीन लाइटों के बीच अलग-अलग रंग का पानी शहरवासियों व बाहर से आने वाले लोगों को अपनी सुंदरता की ओर आकर्षित करेगा। इस चौक का निर्माण कार्य 15 अगस्त तक पूरा होगा।
डीलक्स और स्वास्तिक चौक पर भी लगेंगे फव्वारे
इसके अलावा डिलेक्स ढाबा के नजदीक स्वास्तिक चौक को भी फव्वारे और लाइटों से सुसज्जित बनाया जाएगा। पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सूरजभान के आवास के सामने राजकीय महाविद्यालय, रेलवे रोड व सदर बाजार को जाने वाले चौक पर भी रंगीन लाइटों के साथ विशेष डिजाइन का फव्वारा लगाया जाएगा। इसी प्रकार सदर चौक पर भी रंगीन लाइटों से सुसज्जित फव्वारे की स्थापना करवाई जाएगी। विशेष बात यह होगी कि चारों फव्वारों का डिजाइन अलग-अलग होगा और यह अलग-अलग डिजाइन के फव्वारे शहर की सुंदरता को चार चांद लगाएंगे।
शहर की सुंदरता में कोई कमी होगी
कैंट के विकास के लिए पूरा प्लान तैयार है। इसे सुंदर और आकर्षक शहर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। शहर की सुंदरता में कोई कमी शेष नहीं रहने देेंगे। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ने से न केवल स्थानीय लोग सुंदर वातावरण में सैर कर पाएंगे बल्कि इस सुंदरता का आनंद भी लेंगे।
- अनिल विज, स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री, हरियाणा।