कूड़ा दिखे तो फोटो खींचो, एप पर डालो, नगर निगम करेगा आपकी समस्या हल!
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
नगर निगम अंबाला की ओर से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्वच्छता कार्य को आम जनता के सहयोग से प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए ‘स्वच्छ एप’ तैयार किया गया है। इस एप पर कोई भी व्यक्ति कूड़े की फोटो खींचकर अपलोड कर सकता है। इसके बाद निगम के अधिकारियों द्वारा तुरंत उस क्षेत्र में सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
निगम आयुक्त सत्येंद्र दूहन ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था पर नियंत्रण अब शहरवासियों के हाथ में भी होगा। इस एप पर एक क्लिक से नगर निगम के अधिकारियों को उनके क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की रिपोर्ट मिलते ही तुरंत सफाई करवाई जाएगी। गूगल या एप्पल प्ले स्टोर पर ‘स्वच्छ मैच’ टाइप करके इस एप को डाउनलोड किया जा सकता है। एप को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चार अप्रैल को रोहतक में लॉन्च किया था और अब प्रदेश के 10 नगर निगम क्षेत्रों में यह एप लागू की जा चुकी है। सीएमजीजीए अर्चना ने बताया कि इस एप का प्रयोग करके कोई भी व्यक्ति कचरा देखकर फोटो खींचेगा और नगर निगम के एप्लीकेशन पर अपलोड करते ही उसकी लोकेशन भी स्वयं पता चल जाएगा। यह फोटो संबंधित वार्ड के सुपरवाइजर तक पहुंच जाएगी और उसके बाद सुपरवाइजर की जिम्मेदारी होगी कि वह उस जगह की सफाई करवाए। अगर समय सीमा के अंदर सफाई नहीं हुई तो सेनेटरी इंस्पेक्टर और नगर निगम के आयुक्त के अलावा यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच जाएगी। यह एप हरियाणा सरकार और इंटेल कंपनी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के प्रयासों को साकार करने के लिए तैयार की गई है।
कितनी कारगर होगी एप
निगम अधिकारियों ने हालांकि दावा किया है कि जिस क्षेत्र से भी कचरे से संबंधित फोटो भेजे जाएंगी वहां तुरंत निगम टीम पहुंचकर सफाई करेगी। मगर सवाल है कि यह एप कितनी कारगर होगी। फोटो भेजने के बाद कितने समय में सफाईकर्मी मौके पर पहुंचेंगे। लोगों का यह भी मानना है निगम अंबाला में सफाई व्यवस्था सुधार करने को लेकर योजनाएं तो रोज नई नई लागू कर रहा है लेकिन इससे धरातल पर कोई हल नहीं निकल रहा है। एप से भविष्य में कितनी सफाई हो सकेगी यह तो आने वाला समय ही बताएगा।