अंबाला सिटी। तकनीकी शिक्षा विभाग ने शाम पांच बजे इंजीनियरिंग कोर्स में दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट जारी कर दी है, जिसकी सूचना आवेदकों को उनके मोबाइल फोन पर मैसेज के माध्यम से दी गई। शुक्रवार की सुबह 11 बजे से जिले की दोनों पॉलीटेक्निक में इंजीनियरिंग की 860 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया काउंसलिंग के साथ शुरू हो जाएगी।
जिले की दोनों पॉलीटेक्निक में इंजीनियरिंग कोर्स में दाखिला लेने के लिए 1300 आवेदकों ने आवेदन किया था। इसमें से 363 आवेदकों ने कल्पना चावला राजकीय पॉलीटेक्निक में दाखिले के लिए आवेदन किया था। जहां पर अब 360 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसी तरह राजकीय पॉलीटेक्निक लड़कों में 600 सीटों के लिए 937 आवेदकों ने आवेदन किया था। काउंसलिंग फीस भरने के साथ ही आवेदक ऑनलाइन होने वाली काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे।
1 सितंबर तक जारी रहेगी पहली काउंसलिंग
27 अगस्त से शुरू होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया 1 सिंतबर तक जारी रहेगी। इसके बाद 3 सितंबर को किस छात्र को कौन से कोर्स में दाखिला मिला है, इसकी घोषणा की जाएगी, फिर 3 सितंबर से लेकर 8 सितंबर तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद 10 सितंबर से दूसरी काउंसलिंग शुरू होगी, जो कि 14 सिंतबर तक जारी रहेगी। इसके बाद 16 सितंबर को सीटों की घोषणा होगी और 16 से लेकर 21 सिंतबर तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद कितनी सीटें बचती है उसी आधार पर आगे की प्रक्रिया होगी।
इंजीनियरिंग कोर्स में दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट जारी हो गई है। दोनों पॉलीटेक्निक में 860 सीट हैं, जिन पर दाखिला होना है। शुक्रवार से काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
- राजीव सपरा, प्राचार्य, राजकीय पॉलीटेक्निक अंबाला शहर।