बिना लाइसेंस के चल रहा था अस्पताल, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला।
नारायणगढ़ में एक कथित चिकित्सक बिना डिग्री के ही अस्पताल चला रहा था। सीएम विंडो पर शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार क्षेत्र से ही एक व्यक्ति ने सीएम विंडो पर शिकायत दी थी कि क्षेत्र में एक अस्पताल चलाया जा रहा है, जिसमें अस्पताल के पैनल में शामिल डॉक्टरों ने नाम लिखे हैं, लेकिन वे इस अस्पताल में अन्य डॉक्टर कभी नहीं देखे गए, जबकि एक ही व्यक्ति मरीजों को चेक कर उनका इलाज कर रहा है। यह व्यक्ति खुद को डॉक्टर बताता है और अन्य डाक्टरों के भी अस्पताल के साथ जुड़े होने का दावा करता है। इसी शिकायत के आधार पर जिला स्वास्थ्य विभाग को जांच व कार्रवाई के निर्देश मिले थे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त अस्पताल में जाकर जांच की। इस दौरान देखा कि एक व्यक्ति जो खुद को डाक्टर बता रहा है, मरीजों को चेक कर रहा था। इस पर जब डॉक्टर से बातचीत की तो उसने खुद को चिकित्सक बताया। जब उससे डॉक्टर की डिग्री मांगी तो जो कागजात पेश किए उसपर भी आशंका हुई। दावा किया जा रहा है कि डिग्री में भी छेड़छाड़ की गई है। इसके अलावा वह कोई अन्य ठोस कागजात पेश नहीं कर पाया। दूसरी ओर प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह अस्पताल काफी समय से चल रहा है, जबकि इस पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने एसएमओ डॉ. रामप्रकाश की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है।
इस बारे में सीएमओ डॉ. विनोद गुप्ता का कहना है कि सीएम विंडो पर किसी ने शिकायत दी थी, जिस पर कार्रवाई के निर्देश मिले थे। फिलहाल डॉक्टर डिग्री को लेकर कागजात नहीं पेश कर पाया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।