सोशल साइट पर दोस्ती कर महिला टीचर से ठगे 8.30 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सोशल साइट पर दोस्ती कर साइबर ठगों ने एक महिला टीचर से 8 लाख 30 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगी का शिकार हुई टीचर ने फिलहाल पुलिस को शिकायत दी है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पालिका विहार निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टीचर हैं। करीब एक महीने पहले उनके पास एक सोशल साइट पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे विदेश में रहने वाले किसी मार्को अलफ्रेंडो ने भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद धीरे-धीरे महिला टीचर की उससे चैटिंग होने लगी। इस दौरान एक दिन विदेशी ने उनका व्हाट्सअप नंबर मांग लिया। इसके बाद उस पर एक दो बार ऑडियो कॉलिंग भी हुई। 11 मार्च को बातचीत के दौरान विदेशी ने कहा कि वह मार्केट गया था और उनके लिए एक गिफ्ट खरीदा है, पार्सल आप तक पहुंच जाएगा।
अगले दिन ही महिला टीचर के मोबाइल पर कॉल आया कि ‘मैं कोरियर कंपनी दिल्ली से बोल रहा हूं। आपका पार्सल आ गया है। उसमें गिफ्ट के साथ कुछ करंसी भी है। इसे छुड़ाने के लिए आपको 25 हजार रुपया देना होगा।’ फोन करने वाले ने उसी नंबर से एक अकाउंट की डिटेल भी भेजी। महिला ने उस खाते में रकम जमा कर दी। इसके बाद उसी व्यक्ति का दोबारा फोन आया और कहा कि करंसी क्लियर कराने के लिए 85 हजार रुपया जमा करना होगा। इसके बाद वह अलग-अलग बहाने से पैसा ऐंठने लगे। थोड़ा-थोड़ा कर एक बड़ी रकम महिला टीचर से ऐंठ ली गई थी लेकिन उनका वह पार्सल उन तक नहीं पहुंचा। जब तक उन्हें कुछ समझ आता कोरियर कंपनी के नाम पर फोन करने वालों ने महिला टीचर को मनी लॉन्ड्रिंग का भय दिखा कर भी रकम ऐंठ ली। शिकायत में महिला का कहना है कि उन लोगों ने तकनीक की मदद से गैंग बना कर कुल 8 लाख 30 हजार रुपया ऐंठ लिए। अपने साथ हुई ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित महिला ने पूरे मामले से एसपी अभिषेक जोरवाल को अवगत कराया। पूरे मामले की तहकीकात कराई गई। आरोपों की पुष्टि हुई और इसके बाद सिटी थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम से जुड़ा मामला मेरे संज्ञान में आया है। बेहद ही शातिर किस्म के साइबर क्रिमिनल हैं। इस मामले में पुलिस गहन छानबीन कर रही है। जल्द ही अपराधियों का सुराग लगा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अभिषेक जोरवाल, एसपी अंबाला