हरियाणा में कक्षा तीन से दस और कक्षा 12 में दाखिले केलिए लर्निंग लेवल असेसमेंट टेस्ट 11 मई को होगा।
इस टेस्ट के लिए 29634 बच्चों ने आवेदन किया है। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों में सेंटर निर्धारित कर दिए हैं।
भिवानी बोर्ड यह असेसमेंट टेस्ट करवाएगा। इस टेस्ट में विद्यार्थियों को वैकल्पिक प्रश्नों का जवाब देना होगा।
कक्षा तीन से पांच के लिए यह असेसमेंट सुबह 10 से 11:30 बजे तक और कक्षा 6 से 12 के लिए सुबह 10 से 12 बजे तक होगा।
इस संदर्भ में शिक्षा विभाग की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उधर, दो जमा पांच मुद्दे जन आंदोलन के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह हुड्डा ने जारी बयान में कहा है कि 11 मई को इन बच्चों को मनपसंद निजी स्कूल देने के लिए छंटनी मूल्यांकन के माध्यम से की जाएगी।
हुड्डा ने कहा कि करीब ढाई लाख गरीब बच्चों की सीटें अभी खाली पड़ी हैं। इस बारे में आंदोलन का प्रतिनिधिमंडल बच्चों के अभिभावकों के साथ शिक्षा मंत्री और विभाग के अधिकारियों से मिला था।
सभी अधिकारियों से आश्वासन मिला है, लिहाजा जो बच्चे रह गए हैं उनके लिए फार्म भरने की तारीख शीघ्र घोषित की जानी चाहिए।