जिला पुलिस ने जींद के अलावा सोनीपत, रोहतक में आधा दर्जन से ज्यादा हत्या, जानलेवा हमलों में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बदमाश मोस्ट वांटेड श्रेणी में शामिल थे और पिछले छह माह से दोनों की तलाश थी।
सीआईए और शहर थाना पुलिस की टीम ने गांव जमालपुर शेखा में छापामारी कर कुख्यात बदमाश गांव शामलो कलां निवासी सरजीवन उर्फ कोकला और गांव जामनी निवासी कृष्ण उर्फ काला को गिरफ्तार किया है।
कोकला पीजीआईएमएस रोहतक में 19 मई 2012 में हुई जुलाना निवासी प्रवीण तथा पीजीआईएमएस रोहतक के गार्ड, 21 मार्च 2013 को गांव करसोला निवासी शमशेर उर्फ मंचकेंदू तीन जून को लाइनपार जुलाना निवासी कुलदीप, 17 अगस्त 2013 को गांव अकालगढ़ निवासी पवन कुमार 23 जून 2011 को जुलाना के लाइनपार से दीपक की हत्या तथा 12 मार्च 2013 को अदालत परिसर में हवालाती मुनीष पर जानलेवा हमला करने में वांछित है।
मुनीष पर अदालत परिसर में हमला कोकला के इशारे पर कृष्ण उर्फ काला ने किया था। इसके अलावा कृष्ण उर्फ काला गत तीन जून को लाइन पार जुलाना निवासी कुलदीप की गोली मारकर हत्या में सरजीवन के साथ था। दीपक हत्याकांड में बडौदा सोनीपत पुलिस को सरजीवन की तलाश थी।
जबकि जुलाना निवासी प्रवीण की हत्या के मामले में सरजीवन की रोहतक पुलिस को तलाश थी। कोकला ने संदीप के भाई कुलदीप तथा दीपक की हत्या कर दी। थी। अब जिला कारागार में बंद संदीप मोखरा को ठिकाने लगाने की योजना थी।
कोकला गैंगस्टर विजय शेरखां व अन्य सहयोगियों के जेल में जाने के बाद गैंग का मुखिया बना हुआ था। पुलिस अधीक्षक बलवान राणा ने बताया कि सरजीवन उर्फ कोकला की जींद के अलावा सोनीपत, रोहतक पुलिस को भी तलाश थी। इसके अलावा पुलिस ने सरजीवन के साथी कृष्ण उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। दोनों को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।