पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने भाई और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला करने व हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गांव ढाठरथ निवासी विकास ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह नवंबर को उसके ताऊ ओमप्रकाश का उसके पिता भीम से झगड़ा हो गया था।
नौबत हाथापाई तक जा पहुंची। ओमप्रकाश ने उसके पिता भीम के पेट और छाती पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। यह देख भीम की पत्नी बबली बीच-बचाव करने लगी। तैश में आए ओमप्रकाश ने बबली के पेट में चाकू घोंप दिया।
शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए और घायल दंपत्ति को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने बबली को मृत घोषित कर दिया और भीम की हालत गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने ओमप्रकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने ओमप्रकाश को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने ओमप्रकाश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।