थाना एसजीएम नगर क्षेत्र में पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर सोमवार रात मैकेनिक द्वारा आत्मदाह किए जाने के मामले में आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को एनएच-तीन मस्जिद चौक पर सुबह से देर रात तक लोगों ने लगभग 12 घंटे जाम लगाया था।
एसीपी एनआईटी रामचंद्र राठी ने बताया कि इस पूरे मामले से आला अधिकारियों को अवगत कराया गया था। इसके बाद एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। परिजनों ने राहुल के शव का अंतिम संस्कार करा दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मंगलवार रात एसीपी एनआईटी राठी, एसीपी मुजेसर दलबीर सिंह, एसीपी पूनम दलाल एवं एसडीएम धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में पुलिस कर्मी पर कार्रवाई व उचित मुआवजा दिए जाने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला। इन अधिकारियों ने कहा कि मृतक की विशेष सक्षम बहन को पेंशन दिलवाई जाएगी। इसके अलावा राज्य सरकार व जिला प्रशासन से आर्थिक मदद करवाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कल्याणपुरी झुग्गी में रहने वाले किशोरी लाल का बेटा राहुल एनएच-तीन में बाइक मैकेनिक का काम करता था। किशोरी लाल ने बताया था कि रविवार शाम दवा लेने के लिए जा रहे राहुल की बाइक रास्ते में खराब हो गई थी। पुलिस ने उसको बाइक के साथ पकड़ लिया और चौकी में ले गई।
किशोरी लाल ने आरोप लगाया है कि वह और उसके अन्य परिजन पुलिस चौकी पहुंचे तो उनके साथ पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौच व दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने रात 10:30 बजे राहुल को छोड़ा। पुलिस ने राहुल के साथ मारपीट की थी थी। सोमवार सुबह फिर से परिजन पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने उनके हाथ में बाइक का चालान थमा दिया। पुलिस ने राहुल पर मोबाइल व 20 हजार रुपये चोरी का आरोप लगाते हुए उसे पेश करने को कहा।
आरोप है कि पुलिस ने उनसे 10 हजार रुपये भी मांगे। रुपये मांगने का आरोप परिजनों ने पुलिसकर्मी राजेश पर लगाया था। आरोप है कि इससे परेशान होकर राहुल ने घर में खुद को कमरे में बंद कर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह कर लिया था।