परिवहन मंत्री आफताब अहमद ने कहा है कि आप पार्टी का हरियाणा में कोई असर नहीं पड़ेगा।
वे सोमवार को अपने दफ्तर में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
अहमद ने कहा कि यह ठीक है कि दिल्ली और राजस्थान में कांग्रेस की जीत नहीं हुई है और दिल्ली में आप का प्रभाव रहा है मगर हरियाणा में उसका कोई असर नहीं होगा।
हरियाणा में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और सरकार विकास कार्य कर रही है। चार राज्यों में कांग्रेस की हार पर हाईकमान और वरिष्ठ नेता चर्चा करेंगे।
उधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली, राजस्थान के चुनाव परिणाम से कांग्रेस को सीख लेकर हरियाणा के लिए अपनी रणनीति बनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में हालांकि संगठन और सरकार के बीच तालमेल है, मगर दिग्गजों को अब चुनाव मैदान में उतारना चाहिए।
हरियाणा की एक महिला मंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव जीतने के लिए जरूरी है कि जिन्हें उम्मीदवार बनाया जाना है उनका ऐलान समय से पहले कर देना चाहिए ताकि नाराज होने वाले नेताओं को मनाया जा सके।
संबंधित उम्मीदवार भी अपने क्षेत्र में लोगों से संपर्क साध ले। ऐन वक्त पर उम्मीदवार घोषित होने से चुनाव में कम समय होने के कारण सब लोगों से संपर्क नहीं साधा जा सकता।