जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक बच्ची सहित चार की लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
दुर्घटना-एक
पलवल-नूंह मार्ग पर सोमवार को सुबह दो ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। गांव मढनाका निवासी महेंद्र (25 वर्षीय) पुत्र रामस्वरूप पलवल से बांस बल्ली लेकर अपने गांव मढनाका जा रहा था। ऑटो को रमेश चला रहा था। रमेश का ऑटो जब नूंह मार्ग स्थित मरघट वाले मंदिर के सामने पहुंचा तभी सामने से एक ऑटो आया और दोनों की टक्कर हो गई। दूसरे ऑटो में सवारी भरी हुई थी। टक्कर में महेंद्र पुत्र रामस्वरूप निवासी मढ़नाका की मौत हो गई। जबकि दूसरे ऑटो में सवार घायलों में यशवीर, रश्मी, रामेश्वर, मोती, संगीता व एक अन्य शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए व महेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस का कहना है कि ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक महेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दुर्घटना-दो
होडल-नूंह मार्ग पर रविवार देर शाम कृष्णा कॉलोनी होडल निवासी किशोर अपनी सात वर्ष की बेटी आरती के साथ पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछेे से आए एक ट्रक ने उनकी बेटी को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी विजयपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक को कब्जे मेेें ले लिया।
दुर्घटना-तीन
नेशनल हाईवे पर बघौला गांव के निकट रविवार देर रात करीब एक बजे खराब बस से सवारियों को अपनी बस में बिठाते समय यूपी रोडवेज के परिचालक राजकुमार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस के परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस के चालक प्रभु मंजन दूबे की शिकायत पर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर परिचालक राज कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
दुर्घटना-चार
पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर एक फरवरी को यूपी रोडवेज बस की टक्कर से घायल हुए युवक ने रविवार को देेर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। शमशाबाद निवासी टेकचंद ने पुलिस को बताया कि एक जनवरी को वह और उनका बेटा बंटी सुबह मार्ग पर टहल रहे थे। इसी दौरान पलवल की तरफ से जा रही एक यूपी रोडवेज की बस के चालक ने उनके बेेटे को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया और बस चालक बस को भगाकर ले गया। बाद में उपचार के दौरान बेटे की रविवार की रात मौत हो गई। कैंप थाना पुलिस ने बंटी के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और बस को कब्जे में लेकर बस के परिचालक की तलाश शुरू कर दी है।