चिड़ियाघर : मोनो पोल से हाईटेंशन लाइन हुई और ऊंची
गोरखपुर। निर्माणाधीन चिड़ियाघर के ऊपर से जा रहे हाईटेंशन लाइन के तार को मोनो पोल लगाकर और ऊंचा कर दिया गया। अभी फाउंडेशन के आस-पास बाकी काम रुका है। सोमवार सुबह तक इसे भी खत्म कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि दोपहर बाद हाईटेंशन लाइन की बिजली चालू कर दी जाएगी। पूर्वांचल में पहली बार हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने के लिए मोनो पोल लगाया गया है।
अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन सुरेश राम ने बताया कि 132 केवी मोहद्दीपुर में दो उपकेंद्र हैं। एक न्यू और एक ओल्ड। मोहद्दीपुर ओल्ड में बरहुआं ट्रांसमिशन उपकेंद्र से बिजली आती है। चिड़ियाघर के ऊपर से जाने वाली लाइन यही है। जबकि न्यू उपकेंद्र में मोतीराम अड्डा ट्रांसमिशन उपकेंद्र से लाइन आती है। 30 तारीख से बरहुआ से आने वाली लाइन बंद कर ओल्ड उपकेंद्र को भी मोतीराम ट्रांसमिशन से जोड़ कर आपूर्ति दी जा रही है। अब काम पूरा हो चुका है ऐसे में वापस बरहुआ से ही लाइन शुरू कर दी जाएगी। इससे ट्रांसमिशन पर पड़ रहा अतिरिक्त भार भी कुछ कम होगा। बताया कि निगम का काम पूरा हो चुका है कि अब चाहें तो कार्यदायी संस्था रात से काम शुरू कर दे। 12 जनवरी को सीएम द्वारा प्रस्तावित लोकार्पण के कार्यक्रम को देखते हुए यह बेहद अहम कार्य था।