पूर्वोत्तर रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर मिले तीन पुरस्कार
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर तीन पुरस्कार मिले हैं। नेशनल एनर्जी कंजर्वेशन अवॉर्ड्स के तहत 14 दिसंबर को यातायात, भवन और उद्योग श्रेणी में एनईआर को पुरस्कृत केया गया।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) पंकज कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल एनर्जी कंजर्वेशन दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार मिला है। यातायात श्रेणी में संपूर्ण पूर्वोत्तर रेलवे को, उद्योग श्रेणी में यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर तथा सरकारी भवनों की श्रेणी में लखनऊ मंडल के कार्यालय भवन को पुरस्कृत किया गया है। नेशनल एनर्जी कंजर्वेशन अवार्ड के तहत ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में अभिनव प्रयोगों एवं उपलब्धियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाते हैं। सीपीआरओ ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे पर तेजी से हो रहे रेल पथ के विद्युतीकरण के फलस्वरूप विद्युत इंजन चालित ट्रेनों के संचलन से ऊर्जा बचत में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है। कारखानों में ऊर्जा दक्ष मशीनों एवं उपकरणों के प्रयोग से ऊर्जा की बचत हो रही है। सरकारी भवनों में शत-प्रतिशत एलईडी लाइट के साथ ही ऊर्जा बचत के उपकरणों का प्रयोग किया जा रहा है। सोलर पैनल से गैर पारंपरिक ऊर्जा का उपयोग भी हो रहा है।