देवरिया जिले में भूमि विवाद में तीन दिन पूर्व हुई मारपीट में घायल युवक की शनिवार की रात इलाज का दौरान मौत हो गई। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गुमटही गांव में तीन दिन पूर्व भूमि विवाद में मारपीट हो गई थी। राजेश, रजनीश व राजेंद्र घायल हो गए थे। घायल राजेश को परिवार के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। पीजीआई लखनऊ में शनिवार को राजेश की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, मृतक के पिता राजेंद्र के तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गुमटही गांव निवासी धर्मदेव उर्फ धरमु व उनके दामाद बरहज थाना के कपरवार निवासी कैलाश, उनकी दोनों पत्नी रुना देवी व विद्यावती देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।