गोरखपुर जिले के चौरीचौरा क्षेत्र के भोंपा बाजार चौराहे के पास शुक्रवार सुबह सात बजे सुदीप जायसवाल (24) पर सिरफिरे ने चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि गांजा पीकर धुआं चेहरे पर फूंकने से मना करने पर वारदात की गई।
पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, तहरीर के आधार पर आरोपी लालमोहन के खिलाफ हत्या की कोशिश और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, न्यू कॉलोनी भोंपा निवासी सुदीप जायसवाल शुक्रवार सुबह जंगल महदेवा मंदिर में पूजा करने गया था। सात बजे के करीब घर लौट रहा था। तभी रास्ते में मुंडेरा बाजार निवासी लालमोहन गांजा पी रहा था।
सड़क से गुजर रहे सुदीप के चेहरे पर उसने धुआं फूंक दिया। मना करने पर लालमोहन ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसके कंधे व गर्दन के पास हमला कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जैसे ही पहुंचे आरोपी फरार हो गया। देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि गांजा पीकर धुआं फूंकने से मना करने पर चाकू से हमला किया गया था। केस दर्ज कर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।