दोस्त के घर दावत खाने गए युवक की गला कसकर हत्या
गोरखपुर। कैंट इलाके के भैरोपुर स्थित वीर बहादुरपुरम कॉलोनी में दोस्त के घर दावत में गए एक युवक दुर्गेश (25) की गला कसकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह दोस्तों ने पुलिस को दुर्गेश के खुदकुशी करने की सूचना दी थी। पुलिस पहुंची तो कमरे के पास स्थित सीढ़ी की रेलिंग से तार के सहारे दुर्गेश का शव लटका मिला। उसके दोनों पैर आगे की ओर थे, बैठे होने की मुद्रा में शव था। तीन डॉक्टरों की टीम ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें गला कसकर हत्या की पुष्टि हुई है। देर रात तक मामले में एफआईआर नहीं दर्ज हो सकी थी, पुलिस ने रात्रि 11 बजे परिजनों को तहरीर देने के लिए संदेश भेजा था।
उधर, शुक्रवार सुबह घटना की सूचना पर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा फोरेंसिक टीम और थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए थे। इस दौरान पिता ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया था। दुर्गेश मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसने मर्चेंट नेवी का कोर्स किया था। उसकी एक बहन है, जो बीएससी कर रही है। जानकारी के मुताबिक,वीरबहादुरपुरम कॉलोनी के जिस घर में लाश मिली, वह राजघाट के मियां बाजार की निवासी रजनी मिश्रा का है। मकान में कोई रहता नहीं है, कभी कभार रजनी का बेटा यश मिश्रा (26) व उसके दोस्त वहां आते रहते हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे यश अपने दोस्तों अमृत (26) और राजघाट के गीताप्रेस स्थित गुड़ियान टोला निवासी दुर्गेश गुप्ता के साथ वहां आया था। रात में उक्त मकान में दावत हुई थी। शुक्रवार सुबह दोस्तों ने डॉयल 112 पर दुर्गेश के खुदकुशी करने की सूचना पुलिस को दी थी। दुर्गेश के पिता गोविंद गुप्ता व मकान मालकिन रजनी मिश्रा को सूचना देकर बुलाया। पुलिस के अनुसार, मौका-ए-वारदात पर दावत हुई थी। बिरयानी बनी थी। कुछ जूठी प्लेटें भी पड़ी थीं और दुर्गेश के गले में तार लिपटा था।
मेरे बेटे की गई है हत्या
मेरा बेटा खुदकुशी नहीं कर सकता है। उसकी तार से कसकर हत्या की गई है। वह घर से यहां इतनी दूर आकर खुदकुशी क्यों करेगा ?
-गोविंद गुप्ता, मृतक के पिता
....
15 नवंबर को नौकरी करने दुबई जाने वाला था दुर्गेश
पिता गोविंद ने बताया कि दुर्गेश पढ़ने में बहुत होनहार था। उसने चेन्नई के तमिलनाडु स्थित एक एकेडमी से मर्चेंट नेवी का कोर्स किया था और बस्ती के कैप्टन सौरभ शुक्ला के माध्यम से वह नौकरी करने के लिए 15 नवंबर को दुबई जाने वाला था। वीजा व पासपोर्ट तैयार हो चुका था।
कुशीनगर का है दोस्त अमृत
दुर्गेश के साथ उस मकान पर दावत में गया उसका मित्र अमृत मूल रूप से कुशीनगर के तमकुहीराज के चकनी खास गांव का रहने वाला है। वह एलएलबी कर रहा है। वहीं, यश मिश्रा बीकाम करने के बाद वर्तमान में प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
बाहर से बंद कर दिया था दरवाजा
मकान में दो कमरे बने है। एक में अमृत और दुर्गेश और दूसरे में यश था। पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे में दुर्गेश था, उसे उसने बाहर से बंद कर दिया था। सुबह आंख खुलने पर अमृत ने शोर मचाया तो दूसरे कमरे से यश आया और दरवाजे की कुंडी खोली। दोस्तों ने बताया कि इसके बाद खोजा तो दुर्गेश का शव सीढ़ी के नीचे था और उसने खुदकुशी कर ली थी।
खुश था दुर्गेश, पैर जमीन पर मुड़ने से उठ रहा सवाल
खुदकुशी करने के लिए कोई ना कोई वजह तो होती ही है। खुद पिता भी यही सवाल उठा रहे है कि वह ऐसा क्यों करेगा? दावत में जाने से पहले दुर्गेश खुश था और दोस्तों का भी कहना है कि साथ में सबने खाना खाया था फिर दुर्गेश आखिर खुदकुशी क्यों कर लेगा? दूसरे उसका जमीन पर पैर मुड़ा होना भी सवाल खड़े कर रहा है। उस घर में ही दो दोस्त भी मौजूद थे, जो कोई आवाज के ना आने की बात बोल रहे हैं? पैर मुड़ना, दोस्त के घर खुदकुशी जैसे तमाम सवाल हैं, पुलिस जिनका जवाब तलाशने की कोशिश कर रही है।
दोस्तों ने पुलिस को खुदकुशी किए जाने की सूचना दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फोरेंसिक टीम भी जांच में लगी है। -डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी