बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान पद के लिए करीबी मतों से हुई हार के चलते बढ़ी रार ने रविवार देर रात बड़ा बवाल खड़ा कर दिया, जिसमें एक की जान चली गई। लोगों की मानें तो इसी मामले में अभी चार दिन पहले इसी विवाद में पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते रविवार को यहां बड़ी घटना हो गई।
सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत गांव में रुधौली, सोनहा, वाल्टरगंज, मुंडेरवा, पैकोलिया थाने की भारी पुलिस फोर्स के साथ एक प्लाटून पीएसी फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। मुकदमा पंजीकृत कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई है। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रधानी के चुनाव को लेकर मारपीट हुई है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के बहादुरपुर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान का चुनाव संपन्न होने के बाद से ही ग्राम प्रधान अमरदीप सिंह एवं गांव के अभिषेक सिंह के बीच रार चल रही थी। 30 जुलाई को विवाद हुआ था, जिसमें पुलिस ने नितेश सिंह व दुर्गेश सिंह को जेल भेजा था। जबकि अभिषेक सिंह पर शांतिभंग में चालान कर कार्रवाई की थी।
रविवार रात दोनों पक्षों से कहासुनी के बाद भारी संख्या में लोगों ने मारपीट की एवं जमकर लाठी-डंडे व ईंट- पत्थर चलाए। घटना में ग्राम प्रधान पक्ष के 50 वर्षीय नीरज सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा दो लोगों की स्थिति को नाजुक देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया।
इस मामले में एक पक्ष अजीत सिंह की तहरीर पर गांव के रामकेवल सिंह, अभिषेक सिंह, संतोष सिंह, झिनकू, अनिल सिंह व अमित सिंह जबकि दूसरे पक्ष से अक्षय की तहरीर पर ग्राम प्रधान अमरदीप सिंह, पंकज सिंह, विपिन सिंह, दीपक सिंह, मृतक नीरज सिंह, सुरेंद्र, विमल सिंह, ऋषभ व किशन के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम एएसपी
थाना क्षेत्र के बहादुरपुर ग्राम पंचायत में प्रधानी चुनाव रंजिश को लेकर हुए बवाल के बाद रविवार की देर रात से ही गांव में अधिकारियों एवं पुलिस का जमावड़ा शुरू हो गया। जिस क्रम में सोमवार को भी उप जिलाधिकारी आनंद श्रीनेत, अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी ने गांव में स्थिति की समीक्षा के लिए भ्रमण किया।