औरतें भी कर सकती हैं कुर्बानी : सुल्तानी
गोरखपुर। ईद उल अजहा पर्व पैगंबर हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम के खुदा की रजा के लिए अपने बेटे हजरत इस्माइल को कुर्बान करने के अहकाम की अदायगी है। औरतें भी कुर्बानी कर सकती हैं। यह जानकारी आलिमा महजबीन खां सुल्तानी ने सोमवार को औरतों के इज्तिमा (सभा) में दी।
वह मदरसा कादरिया तजवीदुल कुरआन लिल बनात इमाम बाड़ा अलहदादपुर में ईद उल अजहा पर्व के अहकाम की जानकारी दे रही थीं। इज्तिमा की शुरुआत काशिफा बानो ने कलाम ए पाक की तिलावत (पाठ) से की। नौशीन फातिमा और नौशिया फातिमा ने नबी पाक की शान में कलाम पेश किया। मुख्य वक्ता आलिमा महजबीन ने बताया कि पहले दिन कुर्बानी कराना अफजल है। ईद उल अजहा की नमाज से पहले कुर्बानी नहीं हो सकती। देहात में तुलू फज्र (भोर पहर) के बाद से कुर्बानी शुरू हो सकती है लेकिन बेहतर है कि सूर्योदय के बाद ही की जाए। शहर में तुलू आफताब (सूर्योदय) के बाद ही कुर्बानी शुरू हो सकती है। कुर्बानी में साफ, सफाई का विशेष ध्यान रखें।
कुर्बानी की वीडियो या फोटो कतई नहीं बनाएं। पड़ोसियों की भावनाओं की कद्र करें और किसी को तकलीफ न हो इसका ख्याल रखें। अंत में सलातो सलाम पढ़कर मुल्क में अमनो अमान व तरक्की की दुआ की गई। इज्तिमा में साहिबा बानो, अलैना बानो, इकरा, आयशा बानो, कशिश फातिमा आदि ने शिरकत की।