एम्स थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया
सरदारनगर। एम्स थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग में शनिवार की सुबह पारिवारिक विवाद के बाद करीब 11:30 बजे एक महिला का शव कुंडे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
महिला की पहचान रामपुर बुजुर्ग निवासी विजय चौरसिया की 24 वर्षीय पत्नी अनिता देवी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसने अपनी सास सुभावती देवी के साथ तीन वर्षीय पुत्र आर्यन को खेत में घुमाने के लिए भेज दिया था। पति विजय सुबह में शटरिंग का काम करने के लिए गए थे। ससुर मुन्ना लाल चौरसिया सब्जी मंडी गए हुए थे।
दोपहर में 12 बजे सास बच्चे को लेकर खेत से घर आईं। उसी समय ससुर भी खाना मांगने लगे। वह खाना देने के लिए घर की छत पर बने किचन में गईं तो उन्होंने देखा की बहु ने फंदा लगा लिया था। उन्होंने शोर मचाया तब ससुर ने शव को नीचे उतारा। उसे लेकर एक निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एम्स पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इस बीच पहुंचे मायके वालों ने हत्या व दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। गांव के लोगों ने बताया कि पति-पत्नी में पैसे को लेकर विवाद होता रहता था। महिला की सास ने बताया कि एक माह पूर्व भी बहु ने चाकू से हाथ काट लिया था और उसके बाद एक बार पानी गर्म करने वाला बिजली का राॅड हाथ से पकड़ लिया था। उस समय बिजली काटने से उसकी जान बच पाई थी।
थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि महिला के पिता व भाई दोनों पंजाब में हैं। पिता व भाई के आने और तहरीर देने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।