बड़हलगंज। एकला बांध के पास से करीब पौने दो किलो मादक पदार्थ बरामदगी के मामले में भागे सिधुआपार निवासी सैम तिवारी उर्फ विपुल तिवारी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। सूत्रों के अनुसार, उसके देश छोड़कर विदेश जाने की भी चर्चा है। इस पूरे प्रकरण की जांच नारकोटिक्स विभाग की ओर से की जा रही है। जबकि मामले में प्राथमिकी गीडा थाने में दर्ज है।
नगर से सटे सिधुआपार स्थित टीचर कॉलोनी में सैम तिवारी के मकान पर वर्तमान में ताला लगा हुआ है। बताया जाता है कि उसके पिता पूर्व में थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में रहते थे। मूल रूप से गगहा थाना क्षेत्र के पूरे गांव के निवासी उसके पिता ने सिधुआपार में जमीन खरीदकर मकान बनवाया था, जहां परिवार निवास करता था। जांच एजेंसियों की नजर अब सैम तिवारी से जुड़े बड़हलगंज क्षेत्र के कुछ अन्य लोगों पर भी है।
सैम तिवारी दो भाइयों में बड़ा है, जबकि उसका छोटा भाई घर पर ही रहता था। वर्तमान में परिवार के अधिकांश सदस्य घर से बाहर बताए जा रहे हैं और मकान बंद है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ पूर्व का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
कोतवाली प्रभारी सुनील राय ने बताया कि मामले की जांच बड़हलगंज पुलिस की ओर से नहीं, बल्कि नारकोटिक्स विभाग कर रहा है।