मनोनीत सभासद का कॉलर पकड़ रुपये मांगती महिला
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूपी में महराजगंज के नौतनवा स्थित भाजपा कार्यालय पर बुधवार की दोपहर मनोनीत सभासदों एवं मंडल अध्यक्षों के स्वागत समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। जब पार्टी के ही पदाधिकारी सुधांशु उर्फ राजन वर्मा की माता निर्मला वर्मा एकाएक कार्यालय पहुंचीं और मनोनीत सभासद बृजेंद्र श्रीवास्तव का कॉलर पकड़कर उनसे बकाया रुपये वापस मांगने लगीं।
अभी वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते कि पदाधिकारियों के बीच रुपयों के लेनदेन की बात को जमकर गालियों की बौछार होने लगी और नौबत हाथापाई तक आन पड़ी। पहले तो पदाधिकारियों ने ही स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन मामला तूल पकड़ता देख पुलिस को बुलाना पड़ा।
सूचना मिलते ही दलबल के साथ मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला मंत्री सुधांशु उर्फ राजन वर्मा एवं उनकी माता निर्मला वर्मा ने बताया कि नवनिर्वाचित मनोनीत सभासद बृजेंद्र श्रीवास्तव पर उनका करीब साढ़े चार लाख रुपये वर्षों से बकाया हैं।
लौटाने का नाम नहीं ले रहे हैं। महिला ने बताया कि बेटी की शादी के लिए वह पैसों के लिए परेशान है। मांगने पर उनके द्वारा आनाकानी की जा रही है। काफी दिनों से वह उन्हें ही ढूंढ रही थीं। बतादें कि दोनों पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर काफी दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई है।