अड्डा बाजार। नौतनवा थानांतर्गत गांव चंडीथान में मंगलवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे किचन में लीलावती (35) को सांप से डंस लिया। परिजन तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर संपतिहा चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह के अनुसार, लीलावती मंगलवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे नींद टूटी तो किचन में गईं। वहां रखे सिलेंडर के बीच से मेंढक के पीछे जहरीला सांप निकला और उनके पैर में डंस लिया। परिजन तत्काल रतनपुर सीएससी ले गए। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बावजूद परिजन उन्हें बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां भी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर ले आए। सूचना मिली तो पुलिस मृतका के घर पहुंची। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को इच्छुक नहीं थे लेकिन पुलिस के मनाने पर मान गए। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि औपचारिकता पूरी करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।