फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने और वहां पर स्मगलिंग करने का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर उरुवा बाजार पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि बैंकाक में पकड़े जाने पर उसका पासपोर्ट रद्द हो गया था। इसके बाद उसने गोरखपुर से अपना नाम पता बदलकर फर्जी तरीके से भाई के सहयोग से दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया। पुलिस ने आरोपी दुबरीपुरा निवासी सुनील यादव व सुधीर यादव पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा इलाके के बऊंपार गांव निवासी वेद प्रकाश यादव ने केस दर्ज कराया है। एसएसपी को दी तहरीर में वेद प्रकाश ने लिखा है कि सुनील यादव ने अपना पहला पासपोर्ट वर्ष 2019 में सुनील यादव के नाम से बनवाया था, जिसका पासपोर्ट संख्या H 6209460 हैं।
पासपोर्ट पर सुनील यादव, पिता का नाम हीरालाल यादव, माता का नाम कमलावती देवी व पत्नी का नाम ममता, पता ग्राम दुबरीपुरा पोस्ट गजपुर थाना उरुवा बाजार दर्ज है। पासपोर्ट जारी करने की तिथि चार सितंबर 2009 व समाप्ति की तिथि तीन सितंबर 2019 है।