उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर स्थित बूंदीपार गांव के निकट बृहस्पतिवार को ट्रक के कुचल देने से बुनकर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने में सफल हो गया। सूचना के बाद आस-पास के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बूंदीपार गांव निवासी 50 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र दुक्खी रोज की तरह बगल के गांव नौरों में पावरलूम से ड्यूटी करके पैदल ही वापस घर लौट रहे थे। अभी अपने गांव के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान खलीलाबाद की तरफ से गुजरी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में वीरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। चौकी इंचार्ज रणविजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुनकरों ने बैठक कर शोक संवेदना जताई
बुनकर नेता हाजी इमामुद्दीन अंसारी ने बुनकर मजदूर की हादसे में मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया। बाद में बुनकरों ने बैठकर मृत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौत रखा। बुनकर नेता ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।