गोरखपुर। मूसलाधार बारिश से दिग्विजयनगर वार्ड के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। लाजपतनगर, जनप्रिय विहार, धोबी गली, कबीरनगर, कपिल कोचिंग सेंटर क्षेत्र, कुम्हार टोली और साकेतनगर समेत कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं।
पूर्व उपसभापति एवं पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि सुबह 5:30 बजे से ही जलभराव की शिकायतें आने लगी थीं। उन्होंने बताया कि लाजपतनगर निवासी अरविंद श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, रमेश जायसवाल, दिग्विजयनगर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर, संजय सिंह, सौरभ मद्धेशिया, कबीरनगर निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा, शरद चौधरी, राजेश जायसवाल तथा कुम्हार टोली निवासी दिनेश पटेल और रिंकू प्रजापति सहित कई लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलते ही पार्षद ऋषि मोहन वर्मा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और तरंग क्रॉसिंग स्थित रेलवे पुलिया नंबर-180 से हुमायूंपुर चौक और हड़हवा फाटक क्रॉसिंग तक चोक नालों को खुलवाने की प्रक्रिया शुरू की । लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम के अधिकारियों से निर्माणाधीन नाले के अवरुद्ध हिस्से को तत्काल खोलने की मांग की। पार्षद ने बताया कि दिग्विजयनगर, हुमायूंपुर उत्तरी, चकसा हुसैन और जटेपुर उत्तरी वार्डों का जलस्तर भगवती कॉलेज-डोमिनगढ़ नाले के जलस्तर के बराबर हो जाने से बारिश का पानी निकलने में काफी समय लगा।