गोरखपुर शहरवासियों को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) कॉम्प्लेक्स की सौगात मिलने वाली है। रामगढ़ ताल में विकसित किए जा रहे वाटर स्पोर्ट्स का 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। राज्य पर्यटन निगम ने इसके संचालन, देखभाल और प्रबंधन के लिए निजी कंपनियों को आमंत्रित किया है। विशेषज्ञ और अधिकारियों का पैनल कंपनी का चुनाव करेगा, इसके बाद मुख्यमंत्री वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्धाटन करेंगे।
विज्ञापन
पूर्वांचल के बड़े तालाबों में से एक रामगढ़ ताल में पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स का केंद्र बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2018 में यहां वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण की घोषणा की थी। करीब पैंतालीस करोड़ का यह प्रोजेक्ट कोरोना महमारी, लॉकडाउन के कारण समय पर पूरा नहीं हो सका।
अब कोरोना की दूसरी लहर का असर कम होने पर प्रोजेक्ट पर फिर तेजी से काम शुरू हो गया है। इधर निर्माण कार्य जारी है, उधर कॉम्प्लेक्स के संचालन, प्रबंधन और देखभाल के लिए कंपनियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। पयर्टन निगम के अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री का यह ड्रीम प्रोजेक्ट अगस्त तक लोकार्पण के लिए तैयार होगा।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा कॉम्प्लेक्स
उप्र राज्य पर्यटन निगम के प्रबंधक ऑपरेशन अक्षय नागर बताते हैं कि वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजन के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। यहां केवल जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ही नहीं होंगी बल्कि खिलाड़ियों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रतिभा तराशने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने का भी मौका मिलेगा।
14 किलोमीटर परिधि में फैला होगा वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का साम्राज्य
पूर्वांचल के बड़े तालाबों में शामिल रामगढ़ ताल शहर में करीब सात सौ हेक्टेयर में फैला हुआ है। इसकी लंबाई उत्तर से दक्षिण 4.2 किलोमीटर और चौड़ाई उत्तर से दक्षिण 2.5 किलोमीटर है। इसकी परिधि करीब चौदह किलोमीटर है। वर्तमान में भी यह पूर्वांचल का बोटिंग और पिकनिक स्पॉट माना जाता है। वाटर स्पोर्टस् कॉम्प्लेक्स बनने के बाद गोरखपुर जिला भी अंतरराष्ट्रीय जलक्रीड़ा मानचित्र में अपनी जगह बना लेगा।
पांच एकड़ में फैला है कॉम्प्लेक्स परिसर
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर पांच एकड़ में फैला होगा। इसमें पांच एकड़ में कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। जहां बच्चों और महिलाओं के मनोरंजन के सभी इंतजाम मौजूद रहेंगे। इसकी इमारत में पार्किंग व अन्य कार्यों के लिए 1830 वर्ग मीटर का बेसमेंट होगा। इसके अलावा 2115 वर्ग मीटर का भूतल, 1562 वर्ग मीटर प्रथम और 1327 वर्ग मीटर का द्वितीय तल है। कॉंप्लेक्स को 610 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल से घेरा जाएगा। प्रवेश के लिए तीन गेट होंगे जबकि सब स्टेशन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सौर ऊर्जा संयंत्र भी लगा होगा।
ये होंगे इंतजाम
प्लेयर डॉरमेट्री, फर्स्ट एड सेंटर, स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर, ट्रेनिंग सेंटर, वाटर डेक, चेंजिंग रूम, रोविंग, स्कीईंग, पैरा ग्लाइडिंग, वाटर स्कूटर, सी स्कूटर, कैफेटेरिया, चार से 20 सीटर बोट, बनाना बोट, स्पीड बोट, फ्लोटिंग जेट्टी, कांच की चहारदीवारी वाला फ्लोटिंग रेस्तरां, कैफेटेरिया, वेटिंग रूम। यह सभी एनजीटी के मानक के अनुरूप होंगे।
उप्र राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक शिवपाल सिंह ने बताया कि वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संचालन, प्रबंधन और देखभाल के लिए टेंडर भी निकाला जा चुका है। एक उच्च स्तर की एजेंसी का चयन जल्द ही कर लिया जाएगा जो वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ट्रेनिंग, इवेंट्स आदि गतिविधियां सचालित करेगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जल्द शुरू कराया जाएगा।