गोरखपुर जिले के गोला इलाके के दामोदरा व बैंकुडपुर गांव के बीच शनिवार की रात लूट का आरोपी समझकर ग्रामीणों ने तीन युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी। तीनों को पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
घायलों की पहचान गोला के बेला निवासी जसवंत पुत्र श्रवण, एकौना देवरिया निवासी कृष्णा पुत्र लालबहादुर और गगहा के चड़रिया निवासी सूरज पुत्र नीरज के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात तकरीबन 10 बजे डाडी चीनी मिल रोड पर स्थित गांव दमोदरा (बैकुंठपुर) में एक बाइक सवार ने खुद के साथ लूट होने की कोशिश की बात ग्रामीणों को बताई। इसी दौरान बाइक पर तीन युवक पीछे से आ रहे थे, जिसे बदमाश समझकर ग्रामीणों ने पिटाई शुरू कर दी।
लुटेरों की सूचना ग्रामीणों ने डॉयल 112 की पुलिस को दी। जब तक पुलिस वहां पहुंचती, तब तक तीनों युवक पिटाई से घायल हो चुके थे। घायलों को पुलिस सीएचसी गोला लेकर आई, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।