प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) के तहत रजिस्ट्रेशन कराने में 120 रुपये लेने पर पटरी व्यवसायियों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद डूडा परियोजना अधिकारी ने मात्र 100 रुपये लेने संबंधी सूचना चस्पा कराई। साथ ही 20 रुपये ज्यादा लेने वाले एजेंसी के कर्मचारी को काम से हटा दिया। इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
डीएम विजय किरन आनंद के निर्देश पर नगर निगम के गेस्ट हाउस में पीएम स्वनिधि का विशेष कैंप लगाया गया है। इसके लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने एक साइबर कैफे से संपर्क कर रजिस्ट्रेशन कार्य करा रहा है। रविवार को अवकाश के बावजूद डूडा की ओर से यह कैंप लगाया गया था, जिसमें साइबर कैैफे कर्मचारी ने रजिस्ट्रेशन के लिए पटरी व्यवसायियों से 120 रुपये लेना शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों ने हंगामा करना शुरू दिया।
जानकारी मिलने के बाद डूडा परियोजना अधिकारी विकास कुमार सिंह ने निर्धारित रकम से 20 रुपये ज्यादा लेने वाले साइबर कैफे कर्मचारी को हटा दिया। जिन लोगों से 20 रुपये ज्यादा लिए गए, उन्हें पैसे वापस भी कराया। डूडा परियोजना अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कुल 100 रुपये शुल्क निर्धारित है।
30 अप्रैल तक संचालित होगा कैंप
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना संबंधी कैंप की शुरुआत 14 मार्च से हो गई है। सप्ताह में सातों दिन यह कैंप संचालित हो रहा है। 30 अप्रैल तक यह कैंप संचालित होगा। अभी तक जिन पथ विक्रेताओं को ऋण का लाभ नहीं मिला है, वे इस कैंप में आकर आवेदन कर सकते हैं। उन्हें उनकी बैंक शाखा से 10 हजार का रियायती ऋण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जो पथ विक्रेता 10 हजार का ऋण चुकता कर चुके हैं, वे 20 हजार के ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं।