बस्ती कस्बे के पुलिस चौकी के निकट शनिवार को सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी ससुराल से लौट रहे थे। शव का पीएम कराने में हर्रैया और कप्तानगंज थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। जिसकी लोगों ने अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी को जानकारी दी। उनके सख्त रुख के बाद हर्रैया पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पीएम के लिए भेजा।
नेबुलाल के शव को पीएम के लिए भेजने में कप्तानगंज और हर्रैया पुलिस दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। लगभग दो घंटे तक सीएचसी पर मंथन चलता रहा। इसी बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई। जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने हर्रैया पुलिस को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने को लेकर कोई सीमा विवाद नहीं हुआ है। वहीं, कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल राम ने बताया कि घटनास्थल हर्रैया थाने में पड़ता है तो शव का पोस्टमार्टम वहीं लोग करा रहे हैं।