गोरखपुर में शाहपुर इलाके के चरगांवा में बुधवार रात नौ बजे बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर जबकि, दूसरे की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दोनों हेलमेट लगाए थे। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा इलाके के सेमरा नंबर एक निवासी चंद्रेश चौहान (40) दो बच्चों के पिता थे। गोलघर गांधी गली स्थित मेडिकल स्टोर पर काम करते थे। बुधवार रात 8:30 बजे काम से छूटने के बाद खजांची पहुंचे और चरगांवा में बाजार से सब्जी लेने के बाद बाइक से सेमरा घर जा रहे थे।
अभी बाजार से थोड़ा आगे बढ़े थे कि मेडिकल कॉलेज की तरफ से आ रहे कुशीनगर जिले के बोदरवार निवासी पीयूष यादव (24) की बाइक से आमने-सामने से टक्कर हो गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
इसे भी पढ़ें: 11 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा ठेकेदार की हत्या का आरोपी सत्यपाल,हाईकोर्ट ने सुनाई थी आजीवन कारावास की सजा
शाहपुर पुलिस ने दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जहां पीयूष को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चंद्रेश की बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पीयूष के मामा अमरनाथ यादव की तहरीर पर शाहपुर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।