गोरखपुर में सहजनवां इलाके के सरैया के पास हाईवे पर रात 12:30 बजे ट्रक और कार में टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन शुरू कराया। ट्रक पुलिस के कब्जे में है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस थाना कैंट निवासी तेज प्रताप यादव (30), गोरखनाथ निवासी आदित्य पांडेय (21) की मौत हुई है। कार सवार रात में 12:30 बजे के आसपास बस्ती की तरफ जा रहे थे। जैसे ही सहजनवां थाना क्षेत्र के सरैया पास कार पहुंची कि सामने एक गाय आ गई। उसे बचाने के चक्कर में कार डिवाइडर से टकराकर लखनऊ से गोरखपुर की तरफ जा रहे ट्रक में भीड़ गई।
हादसे में कार सवार तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस तीनों को सहजनवां सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने तेज प्रताप यादव को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा आदित्य व एक अज्ञात युवक को जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में आदित्य की मौत हो गई। दूसरे घायल का इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि दुर्घटना में दो की मौत हुई है। तीसरा अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने कहा कि ट्रक पुलिस कब्जे में है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।