गोरखपुर जिला अस्पताल के नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट की कनेक्शन प्लेट काट रहे दो संदिग्धों को मंगलवार की सुबह पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, ऑक्सीजन प्लांट अब तक जिला अस्पताल प्रशासन को हैंडओवर नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट में एल्युमीनियम की कनेक्शन प्लेट काट रहे दो संदिग्धों को मंगलवार की सुबह भीड़ ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के पास से छीनी-हथौड़ा और रॉड बरामद किया है। कोतवाली पुलिस उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बता दें कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण किया गया है। नवनिर्मित प्लांट का ट्रॉयल चल रहा है। मंगलवार सुबह दो संदिग्ध प्लांट के ब्लॉग में घुसे और एल्युमीनियम की एक मोटी प्लेट को छीनी-हथौड़े से काटने लगे।
आशंका होने पर तीमारदार मौके पर पहुंच गए और पूछताछ कर उन्हें पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी कल्याण सागर ने बताया कि दोनों की पहचान कर ली गई है। जांच की जा रही है। अब तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।