देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दूसरे के प्रमाणपत्र पर नौकरी कर रहे दो प्रधानाध्यापकों को बुधवार को बीएसए ने बर्खास्त कर दिया। मानव संपदा पोर्टल पर प्रमाणपत्र अपलोड होने के दौरान मामले का खुलासा हुआ। जिले में पिछले दो साल के अंदर अब तक 51 शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है।
बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि संतकबीरनगर जिले के बघौली शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बाकरगंज में तैनात प्रधानाध्यापक आनंद कुमार सिंह पुत्र स्व.लालबाबू सिंह ने बीते 6 सितंबर को शिकायत की थी। मानव संपदा पोर्टल पर उनकी ओर से अपना डाटा फीड कराने की प्रक्रिया के दौरान पता चला कि पहले से ही उनके नाम का डाटा फीड है।
जांच में पता चला कि संबंधित कोड पर सारा डाटा उन्हीं का दिखाई रहा है। शिकायत के आधार पर बैतालपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बलुहवां में तैनात प्रधानाध्यापक आनंद कुमार सिंह की नियुक्ति से संबंधित समस्त शैक्षिक अभिलेखों की गंभीरता पूर्वक जांच कराई गई। साथ ही उन्हें नोटिस जारी कर नियत समय तक अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया। लेकिन निर्धारित समय तक उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा।