गोरखपुर में भू-माफिया ओम प्रकाश पांडेय, उसकी पत्नी सुनैना पांडेय और सहयोगी संजय पांडेय के खिलाफ कैंट पुलिस ने दो और एफआईआर दर्ज की है। शिकायत लेकर पहुंचे दोनों लोगों के साथ ओमप्रकाश ने सहयोगियों के साथ मिलकर जमीन के नाम पर जालसाजी की है। एक के बाद एक ओमप्रकाश पर 29 केस दर्ज हो चुके है लेकिन अभी तक पुलिस उसकी परछाई तक को नहीं छू पाई है। यह हाल तब है, जबकि गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी के नेतृत्व में विशेष टीम भी लगाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, इस बार बलिया के बैल्थरा निवासी संध्या गुप्ता पत्नी राजकुमार गुप्ता और कमला देवी पत्नी स्व.रामअवध की तहरीर पर जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। दोनों का एक ही आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री करा ली, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं मिला है।
पीड़ितों ने सीधे कैंट थाने पहुंचकर शिकायत की है। केस दर्ज कर कैंट पुलिस जांच कर रही है। आरोपी पर पुलिस गैंगस्टर के तहत कार्रवाई भी कर चुकी है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें पता चला है कि ओमप्रकाश के पास जितनी जमीन थी, उससे ज्यादा लोगों को जालसाजी कर बेंच चुका है।