कोरोना महामारी के मद्देनजर निर्धारित पांच में से शहर के दो कंटेंमेंट जोन मिल्लतनगर और गिदही खुर्द को ग्रीन जोन घोषित कर दिया गया है। वहां पिछले 28 दिनों से कोई नया केस नहीं आया है। ऐसे में वहां की तमाम पाबंदियों में ढील दी जा रही है।
डीएम आशुतोष निरंजन के मुताबिक उक्त दोनों मोहल्ले के निवासी सुबह साथ बजे से शाम सात बजे तक आवश्यक वस्तुओं की खरीद-फरोख्त करने के लिए अपने वार्ड/मोहल्ले और अन्य वार्ड/मोहल्ले में आवाजाही कर सकते हैं। शेष जनपद पूर्व की तरह ऑरेंज जोन में रखा गया है। जहां पहले के तरह की पाबंदियां लागू रहेंगी।
बता दें कि जिले में अभी तक 42 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 22 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, वहीं एक शख्स की मौत हो चुकी है।
वहीं मंगलवार को जिले में प्रवासी मजदूरों का हाल जानने डीएम आशुतोष निरंजन व एसपी हेमराज मीणा किसान डिग्री कॉलेज, रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नियमित रूप से मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया।
किसान डिग्री कॉलेज में आए हुए प्रवासी मजदूरों का थर्मल स्क्रीनिंग कराया जा रहा था। साथ ही दस किलो चावल, दस किलो आटा, तेल, मसाला, चना, दाल आदि का किट भी वितरित किया जा रहा था। व्यवस्थाओं के बारे में तहसीलदार पवन जायसवाल ने डीएम को जानकारी दी।