कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे के दौरान गोरखपुर में अब तक की सर्वाधिक नौ मौतें हुई हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में देवरिया के दो और मरीजों ने भी दम तोड़ा है। इस लिहाज से 11 मौतें हुई हैं। इससे पहले गोरखपुर में एक साथ इतनी मौतें नहीं हुई थीं। लगातार बढ़ते मौत के आंकड़ों से स्वास्थ्य महकमा चिंतित है। सभी मरीज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे।
कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला भले कम हुआ है लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान हुई मौत के आंकड़ों ने डरा दिया है। बीआरडी से प्राप्त प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर निवासी 58 वर्षीय महिला की बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई। इसी तरह खोराबार थाना क्षेत्र के सिक्टौर के 35 वर्षीय युवक ने बृहस्पतिवार की सुबह दम तोड़ दिया है।
राजघाट के 50 वर्षीय व्यक्ति की गत बुधवार की रात मौत हुई थी। पिपराइच के कबाड़ी रोड की 29 वर्षीय युवती ने बृहस्पतिवार की सुबह दम तोड़ा है। गगहा के रियांव 65 वर्षीय व्यक्ति, रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग की बुधवार देर रात मौत हुई थी। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के सूरजकुंड निवासी 72 वर्षीय महिला और गुलरिहा थाना क्षेत्र के सेमरा नंबर-2 निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति, रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के 58 वर्षीय व्यक्ति की बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई।