नौसड़ के पास सफाई कर्मचारी का शव रखकर हाईवे जाम किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर राजघाट पुल पर सोमवार को सड़क हादसे में नगर निगम के संविदा सफाईकर्मी शिवशंकर निषाद की मौत से गुस्साएं परिजनों व ग्रामीणों ने मंगलवार शाम पांच बजे गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन मुआवजा, सरकारी नौकरी और केस दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
इसकी खबर पाते ही नगर निगम के अफसर, गीडा, सहजनवां और बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी समझाने के बाद आठ बजे जाम खत्म हुआ। नगर निगम के अफसरों ने सरकारी मदद का भरोसा दिलाया है।
जानकारी के मुताबिक, गीडा के नौसड़ निवासी 30 वर्षीय शिवशंकर को सोमवार को राजघाट पुल पर सफाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम से शव मिलने के बाद परिजनों ने नौसड़ चौराहे के पास सड़क पर शव रखकर वाराणसी-गोरखपुर राजमार्ग जाम कर दिया।
करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसकी वजह से एकला, जैतपुर मोड़, नौसड़ चौराहा व राप्ती पुल तक जाम लग गया था। आश्वासन के बाद जाम खत्म किया गया।