दवाओं की थोक मंडी भालोटिया मार्केट में कैंसर की दवाओं को बेचने वाले व्यापारियों की जांच की जाएगी। दवाओं नमूने भी लिए जाएंगे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दवा कंपनियों से ऐसी व्यापारियों की सूची मांगी है।
सूत्रों का कहना है कि आगरा से आई कैंसर की दवाओं से कैंसर की दवाओं का मिलान भी किया जाएगा। दवाएं किन-किन जिलों को सप्लाई की गई हैं, इसकी भी जानकारी ली जाएगी। इस संबंध में विभाग ने जांच भी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आगरा में कैंसर और विटामिन की नकली दवाएं काफी बड़ी मात्रा में पकड़ी गई हैं। आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने दवाओं की खेप लखनऊ भेजी थी, जहां से भालोटिया मार्केट सहित पूर्वांचल के कई जिलों में दवाएं भेजी गईं हैं।
इस जानकारी के बाद एफएसडीए ने अपनी जांच शुरू कर दी है। टीम भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सिद्धार्थनगर जिले में भी गई थी। कुछ दवा की दुकानों से सैंपल लिए हैं। इसी क्रम में जानकारी मिली है कि कैंसर की नकली दवाएं भालोटिया मार्केट से सिद्धार्थनगर के दवा व्यापारियों ने ली थी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर ड्रग विभाग ने कैंसर की दवाएं बनाने वाली कंपनियों से यह जानकारी मांगी है कि किन-किन दवा व्यापारियों के यहां हिमाचल के बद्दी से दवाएं आई हैं और कौन-कौन थोक दुकानदार है। यही नहीं, विभाग ने आगरा और लखनऊ से भी संपर्क करते हुए सूची मांगी है, जिससे पता चल सके कि किन व्यापारियों ने हाल में कैंसर की दवाएं मंगाई हैं।