पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अमर जौहरी के पास आधिकारिक एजेंसी की हॉलमार्क की मुहर कैसे आ गई? इसमें उसकी किसने मदद की? बताते हैं कि हॉलमार्क की मुहर के लिए केवल छह एजेंसियों को ही अधिकार दिए गए हैं। आशंका है कि आरोपी फर्जी हॉलमार्क मुहर का इस्तेमाल करता था।
औरों से सस्ते और उधारी पर दे देता था गहने
पकड़ा गया आरोपी सराफा बाजार में पांच माह पहले ही आया था, लेकिन सस्ते में व उधार बेचकर जल्दी ही बाजार में पकड़ बना ली। उसकी दुकान पर छोटे व्यापारियों की भीड़ लगी रहती थी। यही वजह है कि वह अन्य व्यापारियों की निगाह में आ गया। फिर सभी ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी। नतीजा सोमवार को सामने आ गया। आर्टिफिशियल गहने को असली सोने का बताकर बेचे जाने की पुष्टि के बाद व्यापारियों को समझ में आ गया कि वह सस्ते में गहने क्यों बेच रहा था। आरोपी गांव के व्यापारियों को नकली गहने बेचा करता था।
इसे भी पढ़ें: गोरक्षनगरी को 3838 करोड़ के विकास कार्यों का तोहफा देंगे मुख्यमंत्री योगी, जनसभा को भी संबोधित करेंगे
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि व्यापारियों की शिकायत पर सोने के नकली गहनों के कारोबारी को पुलिस ने पकड़ लिया है। दुकान से करीब 12.50 किलो नकली सोने के गहने मिले हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
ऐसे पहचाने असली सोना
गोरखपुर सराफा मंडल के संरक्षक पीडी जैन बताते हैं कि सोने के गहने खरीदते समय सबसे पहले उस पर लगे हॉलमार्क को जरूर देखना चाहिए। इसके अलावा भी कई तरीके हैं, जिनकी मदद से आसानी से सोने को परखा जा सकता है।
नाइट्रिक एसिड टेस्ट
असली सोने पर नाइट्रिक एसिड का कोई असर नहीं होता है। टेस्ट करने के लिए गहने को थोड़ा सा स्क्रैच करें और उस पर नाइट्रिक एसिड डालें। अगर वह सोना है तो उस पर कोई असर नहीं होगा।
सिरका से करें टेस्ट
हर घर के किचन में सिरका उपलब्ध होता है। सोने के गहने पर सिरका की कुछ बूंदें डालने पर यदि कोई असर नहीं होता है तो वह शुद्ध सोने का है। अगर नकली सोना हुआ तो सिरका की बूंदें जहां भी पड़ेंगी, गहने का रंग बदल जाएगा।
फ्लोटिंग टेस्ट
सोना हार्ड मेटल है, इसलिए इसका फ्लोटिंग यानी तैरने का टेस्ट कर सकते हैं। अगर गहना पानी में डूब जाए तो समझिए असली है। यदि तैरने लगे तो समझ लें कि सोना नकली है।
सोने में नहीं होते चुंबकीय गुण
ध्यान रहे कि सोने में चुंबकीय गुण नहीं होते हैं या यूं कहें कि वह चुंबक की ओर आकर्षित नहीं होता है। अगर आपका गहना चुंबक की ओर खिंचने लगे, तो समझ लीजिए कि वह नकली है।