कुश्ती स्पर्धा की शान टोक्यो ओलंपिक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक बढ़ाएंगे। शहीद रवींद्र सिंह और भारत भीम जनार्दन सिंह की स्मृति में उत्तर प्रदेश सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन 29-31 अक्तूबर तक मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में होगा।
भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव और आयोजन सचिव आदित्य प्रताप सिंह आगू ने यह जानकारी दी। बताया कि साक्षी 30 अक्तूबर को और पहलवान बजरंग 31 अक्तूबर को समापन समारोह में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेंगे। तीन दिवसीय स्पर्धा में विभिन्न भारवर्ग में 800 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
भारतीय युवक संघ और जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता के संबंध में आयोजन समिति की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि पहलवानों का भार 28 अक्तूबर को मुरारी इंटर कॉलेज में होगा।
हॉकी यूपी के उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश ने बताया कि पुरुष वर्ग के पहलवान प्रतियोगिता स्थल स्थित विद्यालय में निवास करेंगे जबकि महिला पहलवानों के ठहरने की व्यवस्था रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में की जाएगी। भारतीय कुश्ती टीम के कोच चंद्रविजय सिंह ने कहा कि पुरुष वर्ग की स्पर्धा में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन में होगी। वहीं महिला वर्ग की कुश्ती फ्री स्टाइल में होगी।