सीएम योगी आदित्यनाथ व महापौर सीताराम जायसवाल।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की चर्चा के दौरान मेयर का नाम लेकर चुटकी भी ली। सीएम ने कहा कि नगर निगम के नए भवन पर लगे पत्थर को पढ़कर आने वाली चौथी पीढ़ी भी याद करेगी। इस पत्थर पर आपका नाम लिखा है।
शहर में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्षदों व शहर के लोगों को खरीदारी में कोई दिक्कत न हो इसके लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई है। अब आप वाहन पार्क कर निश्चिंत होकर खरीदारी का आनंद ले सकेंगे। बगल में बैठे मेयर सीताराम जायसवाल से संवाद करते हुए सीएम ने कहा कि नगर निगम के नए भवन पर लगा पत्थर अगली पीढ़ी को भी विकास कार्यों की याद दिलाएगा। 100 साल बाद जब सीताराम की चौथी पीढ़ी पत्थर पर लगे नाम को पढ़ेगी तो इनको याद करेगी।
नगर में शामिल नए क्षेत्रों की भी सुधि ली
सीएम ने अपने संबोधन में नगर में शामिल हुए नए क्षेत्रों की चर्चा करते हुए कहा कि नए क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क आदि के विकास के लिए प्रस्तुत कार्ययोजना को मंजूरी दी जा चुकी है। नए क्षेत्रों में बहुत जल्द ही कार्य शुरू कराए जाएंगे। बांस-बल्ली के सहारे जिन क्षेत्रों में बिजली दी जा रही है, वहां स्थिति में सुधार के लिए पर्याप्त बजट दिया जा चुका है। इसके अलावा शहर को जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए अफसरों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया है।
एलईडी स्क्रीन पर दिखाई फिल्म
मुख्य मंच पर एलईडी स्क्रीन लगी थी, जिस पर इंसेफेलाइटिस से संबंधित एक डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। इस फिल्म में इंसेफेलाइटिस को लेकर योगी आदित्यनाथ की तरफ से सांसद रहते किए गए संघर्ष के अलावा मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी तरफ से किए गए प्रयास व निर्णयों की चर्चा थी।