पूर्वी उत्तर-प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने की वजह से सोमवार और मंगलवार को मौसम काफी हद तक साफ रहेगा। गोरखपुर के उत्तरी हिस्से में बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार को फिर से मौसम में कुछ बदलाव होने के आसार हैं।
दरअसल, शुक्रवार को पूर्वी उत्तर-प्रदेश के ऊपर बने सिस्टम की वजह से एक ट्रफ लाइन बिहार, झारखंड, पश्चिमी बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही थी। लेकिन रविवार को यह पूर्वी उत्तर-प्रदेश के ऊपर कमजोर पड़ गई।
इसकी वजह से रविवार को मौसम काफी हद तक साफ हो गया। तकरीबन पूरे दिन सूरज निकला रहा। हालांकि आकाश में बादलों की हल्की सी परत फैली रही। सोमवार को मौसम के और साफ हो जाने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि रविवार को गोरखपुर के ऊपर बना सिस्टम कमजोर पड़ गया। ऐसे में अब यहां कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसकी वजह से सोमवार और मंगलवार को गोरखपुर में मौसम साफ रहेेगा। सूरज भी निकलेगा तापमान में भी इजाफा होगा।
हालांकि सोमवार को दिन में 12 बजे के आसपास जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। लेकिन शहर में इसका कोई असर नहीं रहेगा। बुधवार को मौसम में फिर से थोड़ी तब्दीली की संभावना है, क्योंकि 28 जून को जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका असर गोरखपुर पर 30 जून को पड़ेगा। बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।