गोरखपुर। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी।
रविवार अपराह्न तीन बजे से घाटों की ओर चारपहिया और तिपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था सोमवार सुबह 10 बजे तक लागू रहेगी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने शनिवार को राजघाट, गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर पोखरा और रामगढ़ताल स्थित छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की स्थिति परखी। संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
-
भारी वाहनों के लिए बदला रहेगा रास्ता
यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के मुताबिक, रविवार अपराह्न तीन से रात आठ बजे तक और सोमवार सुबह तीन से 10 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होगा। लखनऊ और संतकबीरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नौसढ़ से बाघागाड़ा और रामनगर करजहां फोरलेन की ओर भेजा जाएगा। वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और बड़हलगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन बाघागाड़ा से रामनगर करजहां होकर गुजरेंगे। कुशीनगर और देवरिया की ओर से आने वाले भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नौसढ़ से टीपी नगर की ओर भारी वाहनों और बसों का आवागमन बंद रहेगा। इन वाहनों को बाघागाड़ा, रामनगर करजहां और कालेसर के रास्ते भेजा जाएगा।
रोडवेज बसों के लिए निर्धारित किया गया मार्ग
रोडवेज बसों, तेल और गैस टैंकरों, दूध के वाहनों और अन्य राजकीय वाहनों के लिए विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर, चारफाटक ओवरब्रिज, कौवाबाग बाईपास, असुरन, खजांची और स्पोर्ट्स कॉलेज होते हुए बरगदवा चौराहे तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं, लालडिग्गी से गीता प्रेस और रेती चौराहे तक तथा फलमंडी चौराहे से राजघाट पुल की ओर चारपहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
-
रेलवे स्टेशन पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा
छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने शनिवार को स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।