गोरखपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अब पूर्वांचल में ही उनके मानसिक और भावनात्मक पुनर्वास के विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे। कंपोजिट रिहैबिलिटेशन सेंटर (सीआरसी) ने इस दिशा में पहल करते हुए पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी (पीजीडीआरपी) कोर्स शुरू करने की तैयारी की है। इसके लिए भारतीय पुनर्वास परिषद (आरसीआई), नई दिल्ली से मान्यता लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान ने अनुमति के लिए प्रस्ताव भेजा है।
कोर्स शुरू होने से गोरखपुर-बस्ती मंडल के साथ आसपास के जिलों के युवाओं को विशेषज्ञता हासिल करने का स्थानीय विकल्प मिलेगा। अभी पूर्वांचल में इस तरह के प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं है। विद्यार्थियों को इसके लिए लखनऊ या वाराणसी का रुख करना पड़ता है। इससे उनका समय और खर्च दोनों बढ़ते हैं। रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी में दिव्यांगजनों की मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक जरूरतों के अनुरूप काम किया जाता है।
इस क्षेत्र के विशेषज्ञ शारीरिक, बौद्धिक और विकासात्मक दिव्यांगता से प्रभावित लोगों को मनोवैज्ञानिक सहयोग देते हैं। उनका उद्देश्य दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए तैयार करना होता है। पूर्वांचल में स्थानीय स्तर पर ऐसे विशेषज्ञ तैयार होने से पुनर्वास सेवाओं को भी मजबूती मिल सकती है। इससे दिव्यांगजनों को परामर्श और सहयोग के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सीआरसी के निदेशक जितेंद्र यादव ने बताया कि कोर्स शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। आरसीआई से जल्द अनुमति मिलने की उम्मीद है। इससे युवाओं के लिए विशेषज्ञता और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।