बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 300 बेड के कोविड वार्ड में कोरोना के तीन संदिग्ध मरीज भर्ती किए गए हैं। इन मरीजों में कोविड संक्रमण के लक्षण मिले हैं। मरीजों का सैंपल लेकर आरटी-पीसीआर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के माइक्राबायोलॉजी विभाग में भेजा गया है। तीनों मरीज इलाज के लिए मेडिसिन वार्ड में पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, कोविड संक्रमण के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बढ़ती जा रही है। यही वजह है कि प्रतिदिन आठ से 10 संदिग्ध मरीजों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। हालांकि अब तक किसी भी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। लेकिन, विशेषज्ञों का कहना है कि सीटी स्कैन की जांच में लक्षण पूरी तरह से कोविड के मिल रहे हैं। यही वजह है कि इनको कोविड वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमरेश सिंह ने बताया कि तीन मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट सोमवार तक आ जाएगी। इन मरीजों में कोविड के लक्षण मिले हैं। ऐसे मरीजों को सलाह दी जा रही है कि अगर रिपोर्ट निगेटिव भी आ जाती है तो भी कम से कम 10 दिनों तक डॉक्टरों की सलाह पर ही दवा का सेवन करें। साथ ही ऑक्सीजन लेवल पर नजर रखें।
उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों के अंदर मेडिकल कॉलेज से हर दिन आठ से 10 मरीजों के सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं।
एक किशोर की हो चुकी है मौत
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 300 बेड के कोविड वार्ड में भर्ती संक्रमित किशोर की मौत 15 दिसंबर को हो चुकी है। किशोर एचआईवी पॉजिटिव भी पाया गया था। बीआरडी में 18 जून के बाद किसी संक्रमित की यह पहली मौत थी। इसके बाद से ही कॉलेज प्रशासन ने मेडिसिन सहित अन्य वार्डों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की कोविड जांच अनिवार्य कर दी है। इस दौरान अगर किसी मरीज में कोविड के संदिग्ध लक्षण दिख रहे हैं तो उन्हें 300 बेड के कोविड वार्ड में भर्ती कर आरटी-पीसीआर जांच कराई जा रही है।