देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र में बलिया व मऊ जनपदों के पुलिस बैरियर को तोड़कर भाग रहे पशु तस्करों का ट्रक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। पीछा कर रही मऊ पुलिस ने तस्करों को कब्जे में ले लिया। आरोप है कि पशु तस्कर मऊ जनपद के मधुबन के पुलिस कर्मियों के वाहन को ठोकर मार कर भाग रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की भोर में मऊ जनपद की तरफ से आ रहे एक ट्रक को जब मधुबन पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो ट्रक चालक तेज रफ्तार में ट्रक से पुलिस के वाहन को ठोकर मार कर भागने लगा। यह देख पुलिस कर्मियों ने भाग रहे पशु तस्करों को पकड़ने के लिए वायरलेस सेट से सूचना प्रसारित कर दी। इस पर ट्रक को रोकने के लिए मऊ जनपद के ही रामपुर पुलिस ने बैरियर लगाया दिया।
यहां पर जब पुलिस ने तस्करों को रोकने का प्रयास किया तो ट्रक चालक बैरियर तोड़कर भागने लगा। मधुबन पुलिस ने पीछा करते हुए इसकी सूचना बलिया जनपद के उभांव पुलिस को दी। उभांव थाने की पुलिस ने ट्रक को पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन ट्रक चालक ने पुलिस की घेराबंदी को तोड़कर भागलपुर की ओर भाग निकला।
भाग रहे पुलिस तस्करों की सूचना मिलने पर देवरिया जिले के मईल थाने के भागलपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस ने बैरियर लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की लेकिन ट्रक चालक यहां भी बैरियर तोड़कर भाग निकला। तेज रफ्तार में भाग रहे ट्रक का पीछा करते हुए मधुबन, बलिया व मईल पुलिस भागलपुर कुंडौली मार्ग पर ट्रक को घेर लिया।
पुलिस से घिरता देख ट्रक चालक ट्रक की रफ्तार और तेज कर दिया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर जमुआ गांव के समीप सड़क के किनारे लगे बिलजी के पोल को तोड़ते हुए गढ्ढे में उतर गई। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक में सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान अजय पुत्र सुभाष, भटौली अहिरौली आजमगढ़, आसिफ पुत्र हनीफ, शाहगंज जौनपुर, रामलखन पुत्र शिवपूजन, मक्खनपुर अहिरौली आजमगढ़ के रूप में हुई।
घटनास्थल पर मईल एसओ प्रमोद सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने ट्रक को गढ्ढे से बाहर निकलवाया। मईल थानाध्यक्ष ने बताया पशु तस्करों को हिरासत में ले लिया गया है। बलिया जनपद की पुलिस को पकड़े गए तस्करों को सौंप दिया गया है।