गोरखपुर जिले में झंगहा इलाके के जमरू गांव में शुक्रवार को हरि नारायण यादव (55) की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। बेटे अमरनाथ की तहरीर पर पुलिस मृतक के भतीजे चंद्रकेश, शैलेश व देवरिया के एकौना के धर्मपुर गांव निवासी सुरेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश में दबिश दे रही है।
आरोप है कि चंद्रकेश ने दो दोस्तों के साथ मिलकर चाचा की जान ली थी। उधर, शनिवार को गांव में शव पहुंचने पर हंगामे की आशंका में पीएसी तैनात रही। पुलिस की मौजूदगी में गोर्रा नदी के तट पर हरि नारायण यादव का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, हरि नारायण यादव के भाई शंकर यादव की दो महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। हरिनारायण झाड़ फूंक करते थे। इस वजह से शंकर के बेटे चंद्रकेश को शक था कि चाचा की ही झाड़ फूंक की वजह से पिता की मौत हुई। इस बात पर कई बार घर में विवाद हुआ था।
शुक्रवार की दोपहर में विवाद होने के बाद चंद्रकेश ने हरि नारायण की हत्या कर दी। हालांकि हरि नारायण के बेटे का कहना है कि चंद्रकेश ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों पर केस दर्ज कर लिया है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों पर केस दर्ज है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।