गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र के सिसई पुल के पास सोमवार की देर रात दो बाइक सवारों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को पीएम के लिए भेजवा दिया, वहीं घायलों का इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पाली क्षेत्र के मारङ निवासी दयानाथ का 19 वर्षीय बेटा सिकंदर साहनी बाइक से गांव के ही दोस्त चिंगारी 20 वर्ष पुत्र अंगेश साहनी के साथ उसी गांव के युवक ऋषि साहनी की शादी में शामिल होने पीपीगंज थाना क्षेत्र के राजा बारी गांव जा रहे थे।
उधर, सामने से इसी क्षेत्र के मटियरा निवासी अजय पासवान 22 वर्ष पुत्र बैजनाथ बाइक से जसवल से अपनी बहन की शादी का बाजार कर अपने साथी विशाल 22 वर्ष पुत्र रामछबिले और अजीत पासवान 21 वर्ष पुत्र मोहन के साथ गांव लौट रहा था। दोनों बाइक सवार सिसई पुल के पहुंचे ही थे कि आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।
दुर्घटना में पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने तत्काल पांचों युवकों को निजी वाहन से बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए जहां डॉक्टरों ने सिकंदर, अजय और विशाल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल हुए चिंगारी और अजीत का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। उनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुबह तीनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।