गोरखपुर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है। यह आंकड़े अब 100 के नीचे आते जा रहे हैं। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर केवल 73 नए मरीज मिले हैं। साथ ही तीन मरीजों की मौत हुई है। इससे पूर्व 19 अक्तूबर को 67 मरीज ही मिले थे।
इसके बाद से जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 18465 पहुंच गया है। इनमें 16925 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि मौत की संख्या 304 पहुंच गई है। एक्टिव केस 1236 रह गई है।कोरोना की रफ्तार कम होने से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने काफी हद तक राहत की सांस ली है। संक्रमितों की बात करें तो बीआरडी मेडिकल कॉलेज के तीन कर्मी, रेलवे अस्पताल का एक कर्मी शामिल हैं।
इनके अलावा सिविल लाइन में एक ही परिवार के दो लोग, राप्तीनगर में एक ही परिवार के दो लोग, दुघारा में एक ही परिवार के दो लोग, मोहद्दीपुर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। जबकि जांच की गति बढ़ा दी गई है। एंटीजन और आरटीपीसीआर की ज्यादातर लोग निगेटिव मिल रहे हैं। यह बेहद सुखद है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच लगातार की जा रही है।
शहर में सिर्फ 29 और ग्रामीण क्षेत्र में मिले 36 नए मरीज
शहर की बात करें तो महज 29 नए मरीज मिले हैं। इनमें कैंट थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 11 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा शाहपुर नौ, गोरखनाथ चार, कोतवाली दो, राजघाट, रामगढ़ताल और तिवारीपुर में एक-एक मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो जंगल कौड़िया, पिपराइच, खजनी, गगहा में एक-एक, कैंपियरगंज, सहजनवां में दो-दो, कौड़ीराम, चरगांवा, गोला, पिपरौली में तीन-तीन, उरुवा छह और खोराबार में 10 मरीज मिले हैं। इनके अलावा आठ मरीज अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।
दो की बीआरडी और एक की लखनऊ में मौत
संक्रमण के बीच मौत की संख्या कुछ कम हुई है। बीआरडी में पिछले 24 घंटे में दो मरीजों की मौत हुई है। शहर की रहने वाली एक महिला की मौत लखनऊ के एक निजी अस्पताल में हुई है। जिसकी उम्र 45 साल बताई जा रही है। जबकि बीआरडी में सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के सिकरी बाजार की रहने वाली 65 साल की महिला की मौत शुक्रवार की सुबह हुई है। वही, देवरिया के घटियाला चेती निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत शुक्रवार की दोपहर में हुई है।